Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 नवंबर । जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी और शीघ्र निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक कार्यदिवस अपने कार्यालय में स्वयं जनसुनवाई करें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों पर केवल आदेश जारी कर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायत का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं।

डीएम ने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकता पड़ने पर दूरभाष के माध्यम से राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि संबंधी विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी आवश्यकता के अनुसार राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे विवादों का स्थायी समाधान किया जा सकेगा और आमजन को राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसुनवाई को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निस्तारण करें, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page