
हाथरस 10 नवंबर । जिले में आज सुबह से गोवर्धन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक घर-घर गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी का वितरण हुआ, वहीं गौशाला स्थित बड़े गोवर्धन महाराज की पूजा और परिक्रमा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। गोवर्धन पूजा के लिए लोगों ने अपने घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई। इसके बाद उसे खील और फूलों से सजाकर सुंदर पोशाक पहनाई गई। परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ पूजा-अर्चना की और गिरिराज महाराज के जयकारे लगाए। पूजा के दौरान महिला और पुरुष भक्ति गीत गाते हुए गोवर्धन महाराज की परिक्रमा करते नजर आए।
इस दौरान ‘दाऊजी कौ भैय्या कृष्ण कन्हैया’, ‘गड्या चुरावै कृष्ण कन्हैया’, ‘माखन चुरावै कृष्ण कन्हैया’ और ‘कन्हैया मेरे नथ का नगीना री’ जैसे पारंपरिक भजनों की गूंज सुनाई दी। गौशाला स्थित बड़े गोवर्धन महाराज के दर्शन और परिक्रमा के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, काफी संख्या में लोग गोवर्धन पर्व मनाने के लिए मथुरा के गिरिराज जी भी गए हैं। अन्नकूट प्रसादी भी पर्व का प्रमुख आकर्षण रही। इसके लिए तैयार की जाने वाली सब्जी में बैंगन, मूली, गोभी समेत कई तरह की मौसमी सब्जियां मिलाई जाती हैं। मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी बांटी गई। पर्व को देखते हुए सब्जियों की मांग बढ़ने के साथ ही सब्जी विक्रेताओं ने भी दाम बढ़ा दिए।
गोवर्धन पर्व के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक दिलचस्प अंतर भी देखने को मिला। गांवों में गोबर आसानी से उपलब्ध होने के कारण लोगों को पूजा की तैयारी में परेशानी नहीं हुई, जबकि शहर में गोबर जुटाने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। कई लोग पॉलीथिन और बर्तन लेकर सड़कों पर गोबर तलाशते नजर आए। हालांकि कुछ लोगों ने गोवर्धन पर्व कल भी मनाया था, लेकिन जिले में ज्यादातर श्रद्धालु आज ही पूजा-अर्चना कर रहे हैं। पूरे जिले में गोवर्धन पूजा को लेकर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।











