Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 नवंबर। क्षेत्र के गांव कजरौठी में दीपावली पर्व के अवसर पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में हरियाणा, आगरा और आसपास के क्षेत्रों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कुश्ती देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी।

दंगल की सबसे बड़ी और आखिरी कुश्ती एक लाख रुपये की रही, जो भारत केसरी हरकेश पहलवान और भारत केसरी युधिष्ठिर पहलवान हरियाणा के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच करीब 12 मिनट तक जोरदार मुकाबला चला, लेकिन कोई भी दूसरे को चित नहीं कर सका। अंत में यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। आखिरी कुश्ती से पहले 51 हजार रुपये की कुश्ती में योगेश पहलवान जंगला ने ललित पहलवान आगरा को हराकर जीत हासिल की। वहीं 51 हजार रुपये की एक अन्य कुश्ती श्यामवीर पहलवान कुंडोल और शिवा पहलवान बेरुखा के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। इसके अलावा विश्वजीत पहलवान और हर्ष पहलवान के बीच हुई 51 हजार रुपये की कुश्ती भी बराबरी पर रही। 11 हजार रुपये की कुश्ती में जुग्गा पहलवान ने जीत दर्ज की। दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक गुड्डू चौधरी, बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा तथा रालोद के वरिष्ठ नेता प्रवीण पौनिया, दीपू चौधरी और महिपाल चौधरी ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती की शुरुआत कराई। अतिथियों ने पहलवानों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर खेल भावना के साथ मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आयोजकों एवं कमेटी के सदस्यों ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया। दंगल के आयोजक हरि पहलवान और भूरा पहलवान रहे। कमेटी में रामवीर सिंह, जयपाल सिंह, बलवीर सिंह, रणवीर सिंह, लाल सिंह और योगेश कुमार ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। पहली बार आयोजित इस विराट कुश्ती दंगल को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। देर तक चले मुकाबलों में दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। कुश्ती दंगल का आयोजन रविवार को देर शाम तक चला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page