
सादाबाद (सहपऊ) 09 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव बटपुरा में खेत की मेंड़ काटने को लेकर एक ही परिवार के लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में गांव निवासी जीतू ने अपने ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीतू के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उसके पिता खेत पर गए थे। वहां परिवार के ही गंगाराम ने उनके खेत की मेंड़ काट दी थी। पिता ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि गंगाराम, उसके पुत्र हम्मीर सिंह, धर्मेंद्र और पत्नी सुनीता ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके पिता पर सरिया और फावड़े से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर जब उसका भाई कृष्णा मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










