
सिकन्दराराऊ 07 नवंबर। छोटी दीपावली के पावन अवसर पर पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। चौकी कचौरा पर तैनात चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह बघेल ने त्योहार की खुशियां आमजन के साथ साझा करते हुए पुलिस चौकी पर पहुंचे फरियादियों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान चौकी प्रभारी ने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। साथ ही उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
त्योहार के मौके पर पुलिस चौकी में मिले इस अपनत्व और सम्मान से फरियादियों के चेहरे भी खिल उठे। आमतौर पर अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस चौकी पहुंचने वाले लोगों को जब मिठाई के साथ शुभकामनाएं और आत्मीय व्यवहार मिला तो वहां का माहौल खुशनुमा हो गया। उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह बघेल की इस पहल की लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि पुलिसकर्मी यदि इसी तरह संवेदनशीलता और अपनापन दिखाते हुए आमजन की समस्याएं सुनें तो पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत हो सकता है।
चौकी प्रभारी की इस पहल ने संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन के साथ खड़े होकर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और भरोसे का एहसास कराना भी है। छोटी दीपावली पर चौकी कचौरा में देखने को मिली यह पहल पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंधों की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनी।





