
सिकन्दराराऊ 06 नवंबर। टैगोर इंटरनेशनल स्कूल, सिकंदराराऊ में आज दीपावली के पावन पर्व पर समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में रंग-बिरंगी एवं मनमोहक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं दीपकों एवं अन्य सजावटी सामग्रियों से अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाया। दीपों की रोशनी और रंगोलियों से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने पटाखे चलाकर पर्व की खुशियां मनाईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रंजना कुमार सहित संध्या जादौन, सुमन प्रकाश, दिव्या माहेश्वरी, बृजेश शर्मा, संजय यादव, सुषमा यादव, ममता सिंह, कविता पुंडीर, मनीषा गोला, ललिता, प्रकाश वार्ष्णेय एवं समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।












