Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (पुरदिलनगर) 06 नवंबर। सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरदिलनगर में शुक्रवार, आज दीपावली के पावन पर्व पर दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय के आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण जगमगा उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार चैचाणी ने माँ लक्ष्मी का पूजन एवं आरती की। वहीं भैया-बहनों ने दीप सज्जा एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से समस्त आचार्य परिवार को दीपावली के उपलक्ष्य में मिष्ठान एवं उपहार भेंट किए गए। विद्यार्थियों को दीपावली का पर्व स्वच्छता, सादगी, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के अनुरूप मनाने का संदेश दिया गया। साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर सत्य, धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीशंकर शर्मा ने पंचपर्वों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव एवं संस्कारों का प्रकाश फैलाने का संदेश भी देती है। उन्होंने पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा पर्यावरण एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page