
हाथरस 05 नवंबर। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के स्नातक, परास्नातक, एलएलबी, बीए-एलएलबी, बीएड और एमएड विषम सेमेस्टर (प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर) की परीक्षाओं का अंतिम कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद महाविद्यालयों में आंतरिक मूल्यांकन, प्रायोगिक परीक्षाएं पूरी कराने और प्रवेश पत्र वितरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय ने 30 अक्तूबर को अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम जारी कर छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों से दो नवंबर तक आपत्तियां मांगी थीं। एक ही पाली में दो प्रश्नपत्रों की परीक्षा पड़ने अथवा किसी प्रश्नपत्र के कार्यक्रम में छूटने से संबंधित आपत्तियों का परीक्षण किया गया और उनका निस्तारण करने के बाद अंतिम परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया। कुलपति के निर्देशानुसार संशोधित कार्यक्रम विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।न जिले के प्रमुख महाविद्यालयों पीसी बागला डिग्री कॉलेज, आरडी गर्ल्स पीजी कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज सहित 85 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों के करीब 40 हजार से अधिक पंजीकृत छात्र-छात्राएं इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। समय सारिणी जारी होने के बाद कॉलेज स्तर पर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पीसी बागला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. महावीर सिंह छौंकर ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी संशोधित एवं अंतिम परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट अथवा अपने महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड से विषय और प्रश्नपत्र कोड के अनुसार परीक्षा की समय सारिणी अवश्य देख लें। प्रवेश पत्र वितरण के संबंध में विश्वविद्यालय से निर्देश प्राप्त होते ही प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक होगी, जिसमें यूजी एवं पीजी प्रथम सेमेस्टर तथा बीएड के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। द्वितीय पाली सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है, जिसमें यूजी एवं पीजी तृतीय सेमेस्टर तथा एमएड की परीक्षाएं होंगी। वहीं तृतीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे अथवा 5:30 बजे तक चलेगी, जिसमें यूजी पंचम सेमेस्टर, एलएलबी एवं बीए-एलएलबी के विद्यार्थी शामिल होंगे।







