
हाथरस 05 नवंबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशानिर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 के तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र ‘मैं नहीं, बल्कि आप’ की भावना को आत्मसात कर छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा, श्रम के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा। शिविर में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों की सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने और समाज के प्रत्येक व्यक्ति में अपने आसपास साफ-सफाई रखने के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा किया गया। शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा उपलब्ध कराई गई।







