
हाथरस 04 नवंबर। आधार अनुश्रवण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आधार से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के क्षेत्र में हाथरस जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में 13वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया और शेष पात्र बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने एमबीयू-1 एवं एमबीयू-2 के कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में विशेष आधार शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 5 से 17 वर्ष तक की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना अत्यंत आवश्यक है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा यह सुविधा सितंबर 2027 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट समय से अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में शैक्षिक एवं अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद हाथरस में एक आधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है। यहां उन्नत सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आधार सेवा केंद्र का पता: 5/5, आवास विकास कॉलोनी, केडीआर कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर-1 के सामने, आगरा रोड, हाथरस-204101। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





