सासनी 04 नवंबर। महर्षि वाल्मीकि जी के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर कस्बा सासनी में भव्य शोभायात्रा एवं मेले का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। शोभायात्रा में धार्मिक झांकियों, बैंड-बाजों और जयकारों ने पूरे कस्बे को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष शरद माहेश्वरी सहित कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। शोभायात्रा का शुभारंभ मोहल्ला किशनपुरी से किया गया। मुख्य अतिथि यतेंद्र शर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष शरद माहेश्वरी, निर्देश चंद्र वार्ष्णेय और राजीव शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शोभायात्रा का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि जी की विधि-विधान से आरती उतारी और रथ को रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा ने कथित धर्मांतरण और छल-कपट के जरिए लोगों को बरगलाने के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि दूसरे धर्मों के कुछ लोग छल-कपट और लोभ-लालच के माध्यम से सीधे-साधे लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी हरकतों से बाज आ जाएं, अन्यथा उन्हें जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को तोड़ने और लोगों को बरगलाने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यतेंद्र शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरित्र और आदर्शों को संसार के सामने प्रस्तुत किया। महर्षि वाल्मीकि पूरे समाज के लिए पूजनीय हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों और लाखों स्वयंसेवकों के समर्पण से राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समाज की महानता का सम्मान करते हैं। यह समाज हमेशा देशहित में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाता रहा है। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म की महिमा का भी बखान किया। शोभायात्रा के दौरान कस्बे में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। विभिन्न बैंडों की मधुर धार्मिक धुनों और आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में शामिल झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
मोहल्ला किशनपुरी से प्रारंभ हुई शोभायात्रा पारस टॉकीज, बजरिया, अयोध्या चौक, गांधी चौक, कमल बाजार, बस स्टैंड और रामलीला रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः मोहल्ला किशनपुरी पहुंची, जहां विधि-विधान से महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन एवं मेले का समापन किया गया। कार्यक्रम में नितिन चौधरी, मोहित कुशवाह, प्रदीप वाल्मीकि, शंभू और सूरज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, वाल्मीकि समाज के लोग एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान कस्बे में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।





