
हाथरस 03 नवंबर। आज रेवेन्यू बार एसोसिएशन हाथरस के अधिवक्ताओं ने सदर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने दी बार एसोसिएशन सादाबाद के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र पाराशर तथा उनके पुत्र के खिलाफ कोतवाली सादाबाद के प्रभारी निरीक्षक द्वारा कथित तौर पर झूठे तथ्यों के आधार पर फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने का विरोध किया। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी हाथरस को ज्ञापन सौंपकर मुकदमे को तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र पाराशर एवं उनके पुत्र के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के खिलाफ बिना उचित आधार के फर्जी मुकदमा दर्ज न किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ज्ञापन में उल्लेखित मांगों को 72 घंटे के भीतर पूरा नहीं किया गया तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश वर्मा एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महासचिव अमित कुमार उपाध्याय एडवोकेट ने किया। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेश चंद्र शर्मा, जेपी जायसवाल, प्रमोद गोस्वामी, राजू सिंह, ओम प्रकाश ठैनुआ, मिथलेश शर्मा, जमुना प्रसाद शर्मा, राजकुमार अग्निहोत्री, शशांक पचौरी, नितिन जायसवाल, नरेश कुमार सिंह, जयप्रकाश शर्मा, मयंक शर्मा, अवधेश कुमार शर्मा, कमलेश किशोर, भरत गौतम, ललित श्रोती, किशन लाल बघेल, ऋषि बघेल सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।










