Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

हाथरस 01 नवंबर। गेट कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित लेबर कॉलोनी के पास लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर रविवार शाम स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। दर्जनों लोगों ने सड़क पर एकत्रित होकर यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही जिलाधिकारी से आबादी क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनवाने, गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने और वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि अलीगढ़ रोड पर लेबर कॉलोनी के आसपास घनी आबादी होने के बावजूद वाहन चालक तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इसके चलते यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि पिछले एक वर्ष के दौरान इस क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में करीब आधा दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

मानव श्रृंखला के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े नारों वाले बैनर ले रखे थे। इन पर ‘आए दिन मौत, प्रशासन मौन’, ‘अधिक गति, मौत को बुलावा’ और ‘आए दिन एक्सीडेंट, बेगुनाह लोगों की मौत’ जैसे संदेश लिखे हुए थे। लोगों ने नारों के माध्यम से सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।

स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि लेबर कॉलोनी के घनी आबादी वाले क्षेत्र में वाहनों की अधिकतम गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की जाए। इसके साथ ही सड़क पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं और गति सीमा संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, जिससे आबादी क्षेत्र में प्रवेश करते समय वाहन चालक अपनी रफ्तार कम कर सकें। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। ऐसे में प्रशासन को संबंधित विभागों के माध्यम से सड़क का निरीक्षण कराकर हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताने वाले नागरिकों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और अलीगढ़ रोड स्थित लेबर कॉलोनी के पास सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम कराएगा, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं और बेकसूर लोगों की जान जाने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page