
हाथरस 01 नवंबर। तरफरा रोड स्थित एक दाल मिल में काम करने वाले 42 वर्षीय मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव कोका निवासी सतीश पुत्र राजपाल सिंह के रूप में हुई है। सतीश परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वृद्ध माता-पिता तथा कक्षा छह में पढ़ने वाले मासूम बेटे के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों के अनुसार, 20 अक्टूबर को सतीश दाल मिल में सीढ़ी पर चढ़कर सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला बागला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर में चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद सतीश की जान नहीं बच सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।










