मथुरा 1 नवंबर। होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और होटल उद्योग की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के उद्देश्य से संस्कृति विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी द्वारा ताज विवांता वृंदावन का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ तृतीय वर्ष के कुछ विद्यार्थियों सहित कुल 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली, व्यावसायिक मानकों, अतिथि सत्कार, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की व्यावहारिक बारीकियों की जानकारी देना था। इस दौरान विद्यार्थियों को होटल संचालन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं को करीब से समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और भविष्य के करियर के लिहाज से उपयोगी बताया।
इस औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ विभाग के चार संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। इनमें श्रीमती शुभांगी सक्सेना (असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्लेसमेंट एंड ट्रेनिंग इंचार्ज), विजय शर्मा (एफएंडबी ऑपरेशंस इंचार्ज), गगन शर्मा (हाउसकीपिंग फैकल्टी) तथा शेफ विकास (फूड प्रोडक्शन फैकल्टी) शामिल रहे। संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को होटल उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्रदान कीं। यह भ्रमण स्कूल के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. कुमार भास्कर के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग तथा एसओएमसी के डीन डॉ. गंगाधर हुगार के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्रीमती शुभांगी सक्सेना ने विश्वविद्यालय प्रबंधन और विभागीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र के अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में होटल एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग की चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं। विभाग की ओर से भ्रमण में सहयोग देने वाले सभी संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उनके अनुशासन, सक्रिय सहभागिता और सहयोग से यह शैक्षणिक गतिविधि सफल रही। स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें उद्योग जगत से जोड़ने के लिए इस तरह के शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।







