सादाबाद 31 अक्टूबर। कस्बे के राया रोड पर अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग में कार्यरत संविदा चालक के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चालक अपने ससुर के निधन पर परिवार सहित औरैया जिले के बिधूना स्थित ससुराल गया हुआ था। लौटने पर घर के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
राया रोड निवासी भूपेंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में संविदा चालक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी ससुराल जनपद औरैया के बिधूना में है। ससुर का निधन होने के कारण वह अपने पूरे परिवार के साथ गमी में शामिल होने ससुराल गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। भूपेंद्र कुमार परिवार के साथ वापस लौटे। मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। टेलीविजन के शोकेस में बनी अलमारी भी खुली हुई थी, जिसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। पीड़ित के अनुसार चोर घर से सोने की चार अंगूठियां, सोने का एक ओम, सोने का हार, चांदी के लक्ष्मी-गणेश, करीब 500 ग्राम वजन की चांदी की पाजेब और चांदी की करधनी चोरी करके ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी होते ही भूपेंद्र कुमार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान का निरीक्षण कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत देकर चोरी गए आभूषण बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




