
हाथरस 31 अक्टूबर। शहर में शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की तमनागढ़ी स्थित रावत नगर कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महिला की घर पर प्रसव के बाद अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सदर कोतवाली क्षेत्र के मुरसान गेट निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति की सीने में अचानक दर्द उठने से मौत हो गई। दोनों ही मामलों में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार तमनागढ़ी की रावत नगर कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। करीब दस वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उनकी 30 वर्षीय पत्नी विमलेश गर्भवती थीं। शुक्रवार सुबह उन्हें प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद घर पर ही उनका प्रसव हुआ। बताया गया है कि शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, दूसरी घटना में सदर कोतवाली क्षेत्र के मुरसान गेट निवासी संजय अग्रवाल (52) पुत्र महेश चंद्र अग्रवाल को शुक्रवार को अचानक सीने में दर्द उठा। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन शाम को उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।





