
हाथरस 30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के तहत 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में हाथरस सदर के उपजिलाधिकारी (SDM) राजबहादुर सिंह का भी स्थानांतरण किया गया है। उन्हें बुलंदशहर में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब राजबहादुर सिंह बुलंदशहर में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों में उपजिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। जारी तबादला सूची के अनुसार, राजबहादुर सिंह को SDM हाथरस से ADM (न्यायिक) बुलंदशहर बनाया गया है। वहीं, संजय कुमार यादव को SDM लखनऊ से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ नियुक्त किया गया है। दुर्गेश यादव को SDM फतेहपुर से विशेष कार्याधिकारी, राहत आयुक्त कार्यालय भेजा गया है, जबकि शशि कुमार को विशेष कार्याधिकारी, राहत आयुक्त कार्यालय से SDM फतेहपुर बनाया गया है। सुशील कुमार सिंह को SDM मथुरा से SDM फतेहपुर स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में हेमंत कुमार चौधरी को SDM पीलीभीत से विशेष कार्याधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में तैनाती दी गई है। वहीं, मांधाता प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से हटाकर SDM पीलीभीत बनाया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब हाथरस सदर में नए उपजिलाधिकारी की तैनाती का इंतजार रहेगा।










