
हाथरस 28 अक्टूबर। अलीगढ़ रोड पर तालाब ओवरब्रिज के निकट मंगलवार रात बाइक और माल ढोने वाले रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी के अनुसार, अवधेश और नवीन अपने दो अन्य साथियों के साथ एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान तालाब ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक माल ढोने वाले रिक्शा से टकरा गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।









