सादाबाद 27 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव उघई में पति-पत्नी के बीच पिछले करीब डेढ़ महीने से चल रहा घरेलू विवाद अब मारपीट तक पहुंच गया है। पहले पत्नी की मारपीट से परेशान पति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। वहीं मंगलवार को विवाद के दौरान पति ने पत्नी की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घायल पत्नी कोतवाली पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
गांव उघई निवासी सिराजुद्दीन और उसकी पत्नी राबिया के बीच पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से लगातार विवाद चल रहा है। पति सिराजुद्दीन का आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान उसकी पत्नी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुकी है। करीब 25 दिन पहले दोनों के बीच हुए झगड़े में पत्नी ने लकड़ी काटने वाले बांक से उसके हाथ पर हमला कर दिया था। इससे उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। गनीमत रही कि हाथ पूरी तरह अलग नहीं हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने लोहे की बाल्टी उठाकर पति के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पत्नी की लगातार मारपीट से परेशान सिराजुद्दीन ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई थी। उसने पत्नी के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार को एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इस बार पति सिराजुद्दीन ने पत्नी राबिया पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राबिया घायल हो गई। इसके बाद वह सादाबाद कोतवाली पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल राबिया को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भिजवाया। एक ही घर में रहने वाले पति-पत्नी के बीच लगातार हो रही मारपीट और दोनों पक्षों की ओर से पुलिस से शिकायत करने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के प्रकरण की जांच कराई जा रही है।








