
हाथरस 24 अक्टूबर। मुरसान विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह के निर्देशन में ब्लॉक के विभिन्न संकुलों में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में संविलियन विद्यालय चाचपुर में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में 12 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में बामौली के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों के लिए खो-खो, कबड्डी, 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी गति, शारीरिक दक्षता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए खेल मैदान में खूब उत्साह दिखाया।
कबड्डी बालक वर्ग में संविलियन विद्यालय बामौली की टीम ने संविलियन विद्यालय रोहई को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर बालक दौड़ में संविलियन विद्यालय चाचपुर के मयंक प्रथम रहे। वहीं, 50 मीटर बालिका वर्ग में संविलियन विद्यालय बामौली की समा ने प्रथम और रौनक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालक दौड़ में बामौली के अयान और आसिब ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल किया। 100 मीटर बालिका वर्ग में संविलियन विद्यालय चाचपुर की योग्यता प्रथम और संविलियन विद्यालय बामौली की शहनाज द्वितीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद के बालक वर्ग में संविलियन विद्यालय बामौली के उत्कर्ष और आसिब खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संविलियन विद्यालय रोहई के देव गौतम द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद में संविलियन विद्यालय चाचपुर की निधि ने प्रथम और वर्षा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना तथा अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह के निर्देशन में आयोजित ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। संकुल शिक्षक देवेश गौतम ने संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ शरीर, सशक्त व्यक्तित्व और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जितेंद्र कौशल सहित शिक्षक संकुल शशिभूषण, अमित शर्मा, राघवेंद्र गुप्ता, कुलदीप शर्मा, भूपेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, दयाराम, महिपाल सिंह, योगेश, रानी शर्मा, बेबी रानी, पूजा चौधरी, कंचन शर्मा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया।






