
हाथरस 23 अक्टूबर। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस की कक्षा 11 की छात्राओं मिताली चतुर्वेदी एवं रोहिणी सिंह को विशेष अवसर प्रदान किया गया। हाथरस प्रशासन की पहल के तहत मिताली चतुर्वेदी ने एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और रोहिणी सिंह ने तहसीलदार की भूमिका का अनुभव प्राप्त किया। इस दौरान दोनों छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने सरकारी दस्तावेजों, निर्णय लेने की प्रक्रिया और जनसेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रशासनिक कामकाज को करीब से जानने का यह अनुभव छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल के लिए हाथरस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के अनुसार, इस तरह के अवसर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा की वास्तविक जिम्मेदारियों को समझने का मौका देते हैं। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है तथा वे जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित होते हैं।











