सादाबाद 22 अक्टूबर । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला देवा में मकान के पीछे दीवार के पास से मिट्टी काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मिट्टी काटने का विरोध करने और मोबाइल से वीडियो बनाने पर पड़ोसी पिता-पुत्रों ने एक युवती के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवती पर पहले ईंट फेंकी बाद में फावड़ा फेंककर मारा गया, जिससे उसके सिर और पैर में चोट आई है। पीड़िता ने सादाबाद कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गांव नगला देवा निवासी भारती पुत्री दिनेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र उनके मकान की दीवार के पास से मिट्टी काटकर निकालने लगे। इससे मकान की दीवार को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते उसने मिट्टी काटने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोसी गाली-गलौज करने लगे। युवती ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाना शुरू किया तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने उसकी ओर फावड़ा फेंककर मारा, जिससे उसके सिर और पैर में चोट लग गई। पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना की जानकारी देने के लिए फोन किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। भारती ने बताया कि उसके परिवार में फिलहाल कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है। घर में केवल महिलाएं होने के कारण पड़ोसी आए दिन दबंगई दिखाते हैं। घटना से पीड़िता और उसके परिवार की महिलाएं भयभीत हैं। युवती ने कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है युवती का मेडिकल कराया जा रहा है










