
हाथरस 21 अक्टूबर । आगामी विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने-अपने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करें और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स एवं बैंगनी स्केच पेन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा मोबाइल फोन और रिकॉर्डिंग करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संबंध में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम की मामूली वर्तनी संबंधी त्रुटियों के कारण किसी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाए। मतदान अभिकर्ताओं की पात्रता, मतदाताओं की कतारों के प्रबंधन और मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाए। मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री की उचित सीलिंग, सुरक्षित परिवहन और निर्धारित स्थल पर सुपुर्दगी सुनिश्चित की जाए। मीडिया कवरेज के दौरान भी मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अधिकारियों को अपने-अपने सेक्टर और मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी एक-दूसरे के संपर्क में रहकर समन्वय के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करें। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को शस्त्र लेकर मतदान कक्ष में प्रवेश न करने दिया जाए। एसपी ने बताया कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी विकास भवन के निकट स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम से की जाएगी। रवानगी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रत्याशियों अथवा राजनीतिक दलों से किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री स्वीकार न करने और निर्वाचन के दौरान पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियों एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने और अनावश्यक ठहराव से बचने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समयपालन, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना की पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









