Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा गांधी पार्क तिराहा, अलीगढ़ रोड पर संचालित रोटी बैंक ने सेवा के 3200 दिन पूरे कर लिए हैं। ‘भूख से हम रोने नहीं देंगे, भूखा हम सोने नहीं देंगे’ के संकल्प के साथ शुरू की गई इस पहल के माध्यम से प्रतिदिन जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। खास बात यह है कि इतने लंबे समय में रोटी बैंक की सेवा एक दिन भी बंद नहीं हुई। संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि रोटी बैंक में प्रतिदिन की प्रसादी शहरवासी अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर बुक कराते हैं। पिछले कई वर्षों से ऐसा कोई दिन नहीं बीता, जब किसी न किसी व्यक्ति ने प्रसादी की बुकिंग न कराई हो। यह शहरवासियों के सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रमाण है। संस्थान का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न सोए और उसे समय पर भोजन मिल सके। उन्होंने बताया कि निस्वार्थ सेवा संस्थान केवल रोटी बैंक तक सीमित नहीं है, बल्कि मूक पशुओं की सेवा, निर्धन कन्याओं के विवाह में कन्यादान सहयोग, रक्तदान शिविर, अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार और डिजिटल शिक्षा जैसे सामाजिक कार्य भी निरंतर कर रहा है।

रोटी बैंक के इंचार्ज तरुण राघव ने कहा कि संस्थान आगे भी अपने सेवा कार्यों का विस्तार करेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने समाज के लोगों से इस सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील भी की। इस सेवा अभियान में संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोऑर्डिनेटर डॉ. रंगेश शर्मा, सह-सचिव तरुण राघव, सह-सचिव निष्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, आलोक अग्रवाल, ओम प्रकाश वर्मा, कान्हा, प्रिंस गोयल और मयंक वार्ष्णेय सहित अन्य लोग नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page