Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की ओर से नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव रामनवमी पर झांकियों के साथ संपन्न हुआ। केंद्र संचालिका बीके शांता बहन के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर चैतन्य देवियों के दरबार सजाए गए। अंतिम दिन प्रकाश टेक्सटाइल पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी और बीके शांता बहन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने ज्ञान, योगनिष्ठा और एकाग्रता से परिपूर्ण बाल ब्रह्मचारिणी चैतन्य देवी स्वरूप बहनों की सराहना की। उन्होंने आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को संस्कारों और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने के प्रयासों की प्रशंसा की।

आनंदपुरी ब्रह्माकुमारी केंद्र की प्रभारी बीके शांता बहन ने अपने संबोधन में कहा, “रुलाने वाले को रावण और दुखों को हरने वाले हैं राम।” उन्होंने आध्यात्मिक संदेश देते हुए कहा कि सभी धर्मों में मान्य परमपिता परमात्मा शिव हैं, जिन्हें श्रीराम भी अपना आराध्य मानते हैं। महोत्सव के दौरान आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को अष्ट शक्तियों की जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान और सकारात्मक विचारों के माध्यम से लोगों को जीवन मूल्यों से जोड़ना रहा। नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत साकेत कॉलोनी, रावत कॉलोनी, रमनपुर, प्रकाश टेक्सटाइल, सोनई और रामपुर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में चैतन्य देवियों के दरबार सजाए गए और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए गए। दशहरे के अवसर पर महोत्सव में सहभागी बहनों और भाइयों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में बीके मीना बहन, दुर्गेश बहन, नीतू बहन, विपिन बहन, उमा बहन, मोनिका बहन, पूजा बहन, राजेश भाई, यशोदा, गजेंद्र भाई और यतेंद्र भाई सहित अन्य सहयोगियों ने भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page