Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर । मुरसान गेट स्थित बीएम पब्लिक स्कूल में दोनों नवरात्रों के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक कवि सम्मेलन की परंपरा 26वें वर्ष भी जारी रही। डॉ. जितेंद्र शर्मा द्वारा आयोजित तथा सुरेश चंद्र शर्मा और संचित शर्मा के संयोजकत्व में हुए कवि सम्मेलन में कवियों ने मां दुर्गा की महिमा, भक्ति, प्रेम, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में शब्द-पुष्प अर्पित कर किया गया। सुकवि बाबा देवी सिंह निडर ने मां काली की महिमा का वर्णन करते हुए पढ़ा “आदि में अंत, अंत में अनंत आप,
आपकी महानता महान है काली मां।”

मुख्य अतिथि ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष श्रीजी योगेंद्र शर्मा ‘योग पंडित’ ने हाथरस के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि कवि चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा— “मां के आशीष से बढ़कर कुछ भी नहीं है।”

बार एसोसिएशन हाथरस के सचिव विनोद कुमार शर्मा ‘बंटी’ एडवोकेट ने कहा कि बीएम पब्लिक स्कूल में पिछले 26 वर्षों से दोनों नवरात्रों में प्रसादी वितरण का आयोजन होता आ रहा है। वह भी अधिकांश आयोजनों में शामिल रहे हैं। उन्होंने जगत जननी मां से विद्यालय परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विजय सिंह प्रेमी ने भी आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजक डॉ. जितेंद्र शर्मा ने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से विद्यालय में पिछले 26 वर्षों से दोनों नवरात्रों में प्रसादी वितरण का कार्यक्रम निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसी अवसर पर प्रारंभ से ही आशुकवि अनिल बौहरे के संयोजन में कवि सम्मेलन भी आयोजित होता रहा है। इस वर्ष का कवि सम्मेलन भी इसी परंपरा की एक कड़ी रहा। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्टजनों ने कवियों की रचनाओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में आलोक गुप्ता, रामेश्वर सारस्वत, कमल गुप्ता, नवीन शर्मा, अजय गौड़, विनोद वार्ष्णेय, सुरेश चौधरी, जगबीर सिंह, दीपक कुशवाहा, नैतिक कुमार, संजय अग्रवाल और टीकम सिंह सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page