Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अक्टूबर । महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के साथ पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परिवार परामर्श केंद्र एवं महिला थाना की टीम ने पारिवारिक विवादों के चलते अलगाव की स्थिति में पहुंचे पति-पत्नी के बीच काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से आपसी मनमुटाव दूर कराया। पुलिस के प्रयासों से कुल 80 परिवारों के दंपतियों के बीच सुलह-समझौता कराया गया, जिसके बाद उन्होंने आपसी सहमति से अपने पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। काउंसलिंग के दौरान परिवार परामर्श केंद्र एवं महिला थाना की टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। संवाद, समझाइश और आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान कराने के प्रयास किए गए। टीम ने दंपतियों को पारिवारिक रिश्तों का महत्व समझाते हुए आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सामंजस्य के साथ जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। लगातार काउंसलिंग और प्रभावी मध्यस्थता के सकारात्मक परिणामस्वरूप दंपतियों ने अपने मतभेद दूर कर फिर से साथ रहने पर सहमति जताई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुलह-समझौते के माध्यम से अपने पारिवारिक विवादों का समाधान कर पुनः साथ रहने के लिए सहमत हुए दंपतियों को सम्मानित किया। उन्होंने दंपतियों को आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान के साथ पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके सुखद, शांतिपूर्ण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत हाथरस पुलिस की यह पहल केवल पारिवारिक विवादों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास बहाल करने, रिश्तों को नई दिशा देने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने का भी प्रयास है। परिवार परामर्श केंद्र एवं महिला थाना की टीम द्वारा काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने तथा टूटते रिश्तों को बचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। हाथरस पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ पारिवारिक विवादों के संवेदनशील और शांतिपूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का उद्देश्य आपसी संवाद और समझदारी के माध्यम से विवादों का समाधान कर परिवारों में प्रेम, विश्वास और खुशहाली का वातावरण कायम करने में सहयोग देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page