
हाथरस 14 अक्टूबर । मथुरा रोड पर आज करीब पांच बजे सुंदर बाग के पास रोडवेज बस और मैक्स लोडर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले कुछ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, हाथरस डिपो की रोडवेज बस बरेली से मथुरा जा रही थी। बस में 10 यात्री सवार थे। जैसे ही बस मथुरा रोड पर सुंदर बाग के पास पहुंची, सामने से आ रहे मैक्स लोडर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। हादसे में घायल लोगों की पहचान मनोज कुमार और उनकी पत्नी रजनी निवासी गहलऊ, गोंडा, अलीगढ़; भूरी सिंह निवासी नबीपुर, हसायन; संगीता पत्नी विकास निवासी सुभाष नगर, बरेली; संतोष निवासी मथुरा तथा मैक्स लोडर चालक राहुल निवासी मथुरा के रूप में हुई है।
जिला अस्पताल पहुंचे रोडवेज अधिकारी
घटना की जानकारी मिलने पर रोडवेज विभाग के अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। हादसे के बाद बस चालक की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। सदर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और धुंध को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




