हाथरस (मुरसान) 12 अक्टूबर । क्षेत्र के गांव अहरई में रविवार को मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने रविवार रात पांच नामजद सहित 10 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को मुरसान कोतवाली पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इस दौरान ग्रामीण करीब एक घंटे तक कोतवाली में डटे रहे। पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण वहां से लौट गए। पीड़ित सुनील की मां गुड्डी देवी और ताऊ रमेश चंद्र का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गिरफ्तारी नहीं होने पर उनके साथ दोबारा कोई बड़ी घटना कर सकते हैं। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पीड़ित सुनील की मां गुड्डी देवी और ताऊ रमेश चंद्र का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गिरफ्तारी नहीं होने पर उनके साथ दोबारा कोई बड़ी घटना कर सकते हैं। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि रविवार को अहरई के रहने वाले सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अक्टूबर की सुबह वह खेत पर गया था। घर पर उसकी मां गुड्डी देवी, दादी रामबेटी और ताऊ रमेश चंद्र मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान दऊदा गांव के ललित, गोविंद, दीपू, गौरव और रोबिन समेत 10 लोग लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी मां, दादी और ताऊ के साथ मारपीट की। सुनील का कहना है कि उसके घर पहुंचने पर आरोपियों ने उसके और उसके भाइयों विशाल व शिवम के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सुनील का कहना है कि गांव में घर मारपीट के बाद में मुरसान की सब्जी मंडी में शिकायत लिखवाते समय आरोपियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की।








