सादाबाद 12 अक्टूबर । उम्र के जिस पड़ाव पर लोग आराम करना पसंद करते हैं, उस उम्र में सादाबाद के मोहन सिंह आर्य दौड़ के मैदान में अपनी रफ्तार से युवाओं को प्रेरणा दे रहे हैं। 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में उन्होंने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित राष्ट्रीय वेटरन्स स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में उन्होंने रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित नेहरू स्टेडियम में 7 से 11 अक्टूबर तक पांचवीं वेटरन्स स्पोर्ट्स एंड गेम्स नेशनल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सादाबाद क्षेत्र के गांव मंस्या निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने 65 प्लस आयु वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने 5000 मीटर की दौड़ महज 26 मिनट में पूरी कर रजत पदक हासिल किया। वहीं 10000 मीटर की दौड़ 53 मिनट में पूरी कर कांस्य पदक जीत लिया। मोहन सिंह आर्य भारत संचार निगम लिमिटेड, आगरा से मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। वह करीब 60 वर्षों से खेलों से जुड़े हुए हैं। स्कूली शिक्षा के दौरान आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में एथलेटिक्स चैंपियन रह चुके हैं। इसके अलावा राजा बलवंत सिंह डिग्री कॉलेज, आगरा विश्वविद्यालय और दूरसंचार विभाग की राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। मोहन सिंह आर्य के नाम एक अनोखी उपलब्धि भी दर्ज है। वर्ष 1985 में उन्होंने आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से नई दिल्ली के पालम हवाई अड्डे तक 220 किलोमीटर की दूरी महज 17 घंटे 30 मिनट में दौड़कर पूरी की थी। आज भी वह लगातार मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी फिटनेस और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां साबित करती हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और अनुशासन के सामने उम्र महज एक संख्या है। उनका खेल के प्रति समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।









