सादाबाद 12 अक्टूबर । शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से श्री झुन्नालाल भिकारीदास परिवार की ओर से सोमवार को श्री अग्रसेन इंटर कॉलेज में मेधावी छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें कक्षा छह से 12वीं तक विभिन्न कक्षाओं एवं संकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 10 छात्राओं को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं, स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुनी गई छात्रा डॉली को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में श्री झुन्नालाल भिकारीदास परिवार की ओर से प्रत्येक मेधावी छात्रा को 2100-2100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा स्टूडेंट ऑफ द ईयर डॉली को 5100 रुपये का विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह में कक्षा छह की गौरी शर्मा, कक्षा सात की अग्रिमा मिश्रा, कक्षा आठ की प्रियांशी वर्मा, कक्षा नौ-ए की लक्ष्मी, कक्षा नौ-बी की मंतिशा और कक्षा दस की डॉली को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कक्षा 11 कला वर्ग की श्रेया शर्मा, विज्ञान वर्ग की पालक पचौरी, कक्षा 12 कला वर्ग की अनिशा सिसोदिया तथा विज्ञान वर्ग की साक्षी बंसल को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। श्री झुन्नालाल भिकारीदास परिवार द्वारा मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने की परंपरा लगातार निभाई जा रही है। परिवार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी मेहनत और लगन को प्रोत्साहित करना तथा अन्य छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन में परिवार के सहयोगी वीरेंद्र कुमार बंसल, विशन कुमार बंसल, राकेश बागान, राजकुमार बंसल, पवन अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, अमित बंसल, सुनील बंसल, धनंजय बंसल, मयंक बागान और राघव बंसल का विशेष सहयोग रहा।









