Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव परसौरा में रविवार को सास-बहू के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद 27 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, परिजनों की तत्परता से महिला की जान बच गई। परिजन उसे आनन-फानन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने तत्काल उपचार शुरू कर महिला को होश में लाया। हालत में सुधार होने पर परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। जानकारी के अनुसार, गांव परसौरा निवासी 27 वर्षीय विवाहिता का पति बाहर रहकर काम करता है। रविवार को घर में किसी बात को लेकर महिला और उसकी सास के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। इसके बाद महिला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद परिजनों को महिला के कमरे में होने और बाहर नहीं आने पर अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने तत्काल कमरे में पहुंचकर देखा तो महिला फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए महिला को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सीएचसी पहुंचने पर महिला बेहोशी की हालत में थी। चिकित्सक ने तत्काल उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। उपचार के बाद महिला को होश आ गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। चिकित्सक ने महिला की स्थिति में सुधार होने पर परिजनों को बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी। इसके बाद महिला को परिजनों के साथ भेज दिया गया। परिजनों की सूझबूझ और समय पर मिले उपचार से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page