Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में माता रानी के मंदिरों पर श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह पांच बजे से ही देवी मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठे। कस्बे के मुरसान मार्ग स्थित प्राचीन पथवारी माता मंदिर, मथुरा अड्डा स्थित पथवारी माता मंदिर और चावण माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव कुरसंडा स्थित प्रसिद्ध अटाकी माता मंदिर और बिसावर के पथवारी मैया मंदिर में भी दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी को चुनरी, नारियल, पुष्प और प्रसाद अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही घर-घर में माता रानी की चौकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना कर नौ दिनों तक चलने वाली देवी आराधना का संकल्प लिया। व्रत रखने वाली महिलाओं और युवतियों ने सुबह स्नान कर माता रानी की पूजा की। घरों में दुर्गा चालीसा, आरती और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की गई। नवरात्र पर्व को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। कई मोहल्लों और गांवों में श्रद्धालुओं द्वारा माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नौ दिनों तक माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवरात्र के पहले दिन से ही समूचा क्षेत्र देवीमय नजर आने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page