Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर। हसायन थाना क्षेत्र के गांव नगला आम में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर आए आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में बुजुर्ग गोकुल सिंह और उनकी पुत्रवधू प्रेमलता घायल हो गईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव नगला आम निवासी गोकुल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अक्टूबर की शाम वह अपने विकलांग बेटे, पुत्रवधू प्रेमलता पत्नी भानू प्रताप, सचिन और कुमकुम के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान गांव के केहरी, प्रदीप, महेंद्र पाल सिंह, चंद्रशेखर और नरेंद्र कथित तौर पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे गोकुल सिंह और उनकी पुत्रवधू प्रेमलता को भी निशाना बनाया गया। मारपीट में गोकुल सिंह के दाएं हाथ में खुली चोट आई, जबकि प्रेमलता के बाएं हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक, शोर-शराबा होने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page