हाथरस 09 अक्टूबर। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव ऐहन में निजी कृषि भूमि पर कब्जे और राजस्व विभाग द्वारा लगाए गए लठ्ठे उखाड़ने का मामला सामने आया है। भोपतपुर निवासी अनिल सिसौदिया ने विपक्षियों पर खेत में लगे लठ्ठे उखाड़ने और कृषि कार्य नहीं करने देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही अपनी जमीन पर दोबारा लठ्ठे लगवाने और खेत जोतने के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। अनिल सिसौदिया के अनुसार, गांव ऐहन में खसरा संख्या 1414 में उनकी 1.4845 हेक्टेयर निजी कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को तहसील प्रशासन द्वारा उनकी कृषि भूमि पर कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान विपक्षी रामवीर आदि ने कथित तौर पर महिलाओं को आगे कर विरोध किया और गाली-गलौज की।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद खेत में लगाए गए सभी लठ्ठे उखाड़ दिए गए और उन्हें अपनी जमीन पर खेत जोतने नहीं दिया गया। मामले को लेकर उन्होंने उपजिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। इस पर राजस्व निरीक्षक ने जांच कर अपनी रिपोर्ट भेजी। अब अनिल सिसौदिया ने थाना प्रभारी से विपक्षियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी निजी भूमि पर दोबारा लठ्ठे लगवाने और खेत की जुताई कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।





