Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन एवं सत्यापन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 8 अक्टूबर के पत्र के क्रम में छात्रवृत्ति भुगतान के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ देने के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं की समयसीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, संबंधित विद्यालयों को मास्टर डाटा तैयार करने की प्रक्रिया 9 अक्टूबर तक पूरी करनी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मास्टर डाटा का सत्यापन 11 अक्टूबर तक किया जाना निर्धारित है। छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन नवीनीकरण आवेदन करने के लिए 15 अक्टूबर तक तथा नवीन आवेदन करने के लिए 17 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। इसी क्रम में विद्यालय स्तर से नवीनीकरण आवेदन पत्रों को सत्यापित कर अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा वास्तविक छात्रों का सत्यापन 23 अक्टूबर तक किया जाना है। वहीं, विद्यालय स्तर से नवीन आवेदन पत्रों के सत्यापन और अग्रसारण की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page