हाथरस 09 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकास भवन पहुंचकर परिसर और विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और तत्परता के साथ करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का भी जायजा लिया। उन्होंने कैंटीन संचालिका से जानकारी प्राप्त की कि कैंटीन कब से संचालित की जा रही है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की सदस्य प्रेमवती, निवासी नगला आठवारिया, से समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के बारे में जानकारी ली। सदस्य ने बताया कि समूह की ओर से शहद और मोमबत्तियां तैयार की जाती हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे उत्पादों की व्यापक स्तर पर बिक्री हो सके। उन्होंने कहा कि इससे समूह की आय बढ़ाने और सदस्यों की आजीविका को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विकास भवन परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालयों में पत्रावलियों और अभिलेखों का रख-रखाव व्यवस्थित ढंग से किया जाए। साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के साथ जनसामान्य से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके अतिरिक्त उन्होंने पर्यटन विभाग का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विकास भवन परिसर में खाली पड़ी भूमि का समुचित उपयोग करते हुए वहां पार्क विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की सुविधा के लिए वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास भवन परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





