Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 अक्टूबर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की जाती है। यदि 9 तारीख को रविवार अथवा अन्य अवकाश होता है तो अभियान अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाता है। अभियान का विशेष लाभ गर्भावस्था की दूसरी और तीसरी तिमाही यानी चार माह के बाद की गर्भवती महिलाओं को दिया जाता है। शिविर में गर्भवती महिलाओं की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रसव पूर्व जांच की गई। इसके साथ ही ब्लड शुगर, यूरिन टेस्ट सहित आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई गई। एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी गंभीर समस्याओं की पहचान के लिए भी महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सकों ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें विशेष सावधानी बरतने और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खान-पान, नियमित जांच, आयरन-फोलिक एसिड की दवा लेने और किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के संबंध में जानकारी दी। आवश्यकता के अनुसार अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सीएचसी के एमओआईसी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार और उचित प्रबंधन करना है। इस मौके पर डॉ. सुमित चौहान, हेमेंद्र सिंह चाहर, भूपेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page