Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 08 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव शहबाजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार सुबह बच्चों के खेलते समय हुए हादसे में सात वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। धक्का लगने से जमीन पर गिरने के कारण छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई। शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की। हालत को देखते हुए छात्र को उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शहबाजपुर निवासी संजय का सात वर्षीय पुत्र अंशुल गुरुवार सुबह करीब नौ बजे विद्यालय में मौजूद था। इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चे आपस में खेलते हुए धमा-चौकड़ी कर रहे थे। इसी बीच अचानक किसी बच्चे का धक्का लगने से अंशुल जमीन पर गिर पड़ा। गिरने के कारण उसके सीधे हाथ में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद छात्र दर्द से रोने लगा। उसकी हालत देखकर विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल उसके पास पहुंचकर रोने का कारण पूछा। छात्र ने हाथ में चोट लगने की जानकारी दी। इसके बाद शिक्षकों ने बिना देर किए उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने छात्र का प्राथमिक उपचार करने के साथ ही उसके हाथ का एक्स-रे कराया। एक्स-रे रिपोर्ट में हाथ में फ्रैक्चर सामने आया। चोट गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने छात्र को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया। इधर, विद्यालय के शिक्षकों ने हादसे की जानकारी तत्काल छात्र के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उसके माता-पिता भी सीएचसी पहुंच गए। बच्चे की हालत देखकर परिजन चिंतित नजर आए और चिकित्सकों की सलाह पर उसे आगरा ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page