सादाबाद 08 अक्टूबर। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जिला बाल संरक्षण इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा जनपद की तहसील सादाबाद क्षेत्र में निराश्रित एवं भिक्षावृत्ति में लिप्त बुजुर्ग पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों को लेकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने तीन बच्चों को रेस्क्यू किया। इनमें एक बालक भिक्षावृत्ति करते हुए, जबकि दो बालक बालश्रम करते हुए पाए गए। टीम ने तीनों बच्चों को तत्काल अपने संरक्षण में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की। आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेंगे अभियान
जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य ने बताया कि बाल भिक्षावृत्ति एवं बालश्रम की रोकथाम तथा बच्चों के संरक्षण के लिए इस प्रकार के रेस्क्यू अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई बच्चा भिक्षावृत्ति अथवा बालश्रम में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग अथवा पुलिस को दें, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
रेस्क्यू अभियान में दीपक चौहान, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, मनीषा भारद्वाज, सेंटर मैनेजर वन स्टॉप सेंटर, कैलाश चंद्र, आउटरीच वर्कर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार एवं कांस्टेबल शिवम चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









