हाथरस 08 अक्टूबर। सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी योजना के तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं एसडब्ल्यूसी डिपो से उचित दर विक्रेताओं को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने खाद्यान्न की आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर देरी न होने देने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिपो से खाद्यान्न डिस्पैच होने के 24 घंटे के भीतर संबंधित उचित दर विक्रेता तक खाद्यान्न पहुंचना चाहिए। साथ ही जियोफेंस क्षेत्र में खाद्यान्न की प्राप्ति कराने के बाद ई-पॉस मशीन के माध्यम से तत्काल प्राप्ति दर्ज कराना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने ई-पीओडी समय सीमा के भीतर पूर्ण नहीं होने तथा खाद्यान्न की प्राप्ति में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदारों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवंटित खाद्यान्न का उठान निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदारों के माध्यम से पर्याप्त संख्या में जीपीएस युक्त ट्रकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए खाद्यान्न का समय से उठान कराया जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि आगामी महीनों के खाद्यान्न का उठान निर्धारित तिथि से पहले पूरा कराने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार निर्धारित रोस्टर के अनुसार पर्याप्त संख्या में ट्रक उपलब्ध नहीं कराते हैं और इसके कारण खाद्यान्न उठान में देरी होती है, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसलिए खाद्यान्न के परिवहन और वितरण की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित सभी सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदारों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









