Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अक्टूबर। जिले में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने, आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को फसलों की कटाई और मड़ाई का काम मौसम साफ रहने पर ही करने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। झोंकों के दौरान हवा की गति इससे कुछ अधिक रहने की संभावना है। मौसम में बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को खरीफ फसलों की कटाई और मड़ाई को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार धान, मक्का, तिल आदि खरीफ फसलों की कटाई और मड़ाई का काम बारिश की स्थिति न होने पर ही किया जाए, ताकि तैयार फसल को नुकसान से बचाया जा सके। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि धान और मक्का की फसल जब करीब 80 से 85 प्रतिशत तक सुनहरे रंग की हो जाए, तभी उसकी कटाई करना उचित रहेगा। इससे फसल की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ नुकसान की संभावना भी कम की जा सकती है। इसके अलावा धान की फसल में गंधी कीट का प्रकोप दिखाई देने पर मौसम साफ होने का इंतजार करने और इसके बाद आवश्यकतानुसार कीटनाशक का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने के लिए भी कहा गया है। गन्ने की फसल को लेकर भी कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क किया है। यदि खेत में लाल सड़न रोग से प्रभावित पौधे दिखाई दें तो उन्हें तत्काल नष्ट कर देने की सलाह दी गई है, ताकि रोग को अन्य पौधों में फैलने से रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page