Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अक्टूबर। ऐडेड माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी सेवाएं बहाल किए जाने की मांग उठाई और इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। बुधवार सुबह करीब 11 बजे जिलेभर के आउटसोर्सिंग कर्मचारी डीआईओएस कार्यालय पर एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले करीब तीन वर्षों से जिले के ऐडेड माध्यमिक विद्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहे थे। उनका कहना है कि एक अक्टूबर से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के मुताबिक विभाग की ओर से न तो उनकी सेवाओं का नवीनीकरण किया गया और न ही नई आउटसोर्सिंग व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। अचानक काम से हटाए जाने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि वे इसी रोजगार के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे और अब सेवा समाप्त होने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने विभाग से मांग की कि उनकी सेवाओं को तत्काल बहाल किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक नई आउटसोर्सिंग व्यवस्था या टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक उन्हें पूर्व की तरह कार्य पर बनाए रखा जाए, ताकि उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट न खड़ा हो। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान किए जाने की मांग की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page