Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 07 अक्टूबर। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहौरी जरैरा में 30 सितंबर की रात अज्ञात चोर गेट का ताला काटकर दो भैंस चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने भैंसों की तलाश की और उनके पदचिह्नों का पीछा किया। पदचिह्न पुरदिलनगर तक मिले, लेकिन काफी तलाश के बाद भी दोनों भैंसों का कोई पता नहीं चल सका। मामले में पीड़ित ने छह अक्टूबर को हसायन कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। गांव सिहौरी जरैरा निवासी नवीन कुमार शर्मा के अनुसार 30 सितंबर की रात वह अपने घर पर थे। देर रात अज्ञात चोर गेट का ताला काटकर अंदर घुसे और वहां बंधी दो भैंसों को खोलकर अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों को भैंसों के चोरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। पीड़ित के मुताबिक चोरी गई भैंसों के पदचिह्नों के आधार पर उनका पीछा किया गया। पदचिह्न पुरदिलनगर के मोहल्ला सोरों गेट और इस्लामनगर तक मिले और आगे इफराक की फैक्ट्री तक जाने के निशान बताए गए। इसके बाद पदचिह्नों का पता नहीं चल सका। पीड़ित ने अपने स्तर से भी काफी प्रयास कर दोनों भैंसों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि चोरी गई भैंसों में से एक की पहचान उसकी शारीरिक विशेषता से भी की जा सकती है। उनके अनुसार चोरी हुई एक भैंस के तीन थन हैं। इस पहचान के आधार पर भी आसपास के क्षेत्रों में भैंस की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी भैंसों का पता नहीं चलने पर नवीन कुमार शर्मा ने छह अक्टूबर को थाना हसायन में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब घटना की जांच और चोरी गई भैंसों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page