Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 अक्टूबर। वीर गोकुला जाट की वीरगाथा को कक्षा 9 के पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की घोषणा के बाद सादाबाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के अनुरोध के बाद एनसीईआरटी के माध्यम से माध्यमिक विद्यालयों के पाठ्यक्रम में वीर गोकुला जाट के इतिहास को शामिल किए जाने को क्षेत्रवासियों ने उनके शौर्य, संघर्ष और बलिदान को सम्मान मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। खुशी के अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह, विधायक गुड्डू चौधरी के नेतृत्व में रालोद नेता और कार्यकर्ता बिसावर पहुंचे। यहां वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह ने कहा कि वीर गोकुला जाट ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया था। उनकी वीरगाथा का विद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल होना नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण कदम है। यह पूरे ब्रज क्षेत्र और विशेष रूप से सादाबाद के लिए गौरव का विषय है। विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि बच्चों को पाठ्यक्रम के माध्यम से वीर गोकुला जाट का इतिहास पढ़ने का अवसर मिलना ऐतिहासिक उपलब्धि है। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने उनके इतिहास को उचित स्थान दिलाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष लगातार आवाज उठाई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इससे युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा मिलेगी। वीर गोकुला जाट की जन्मस्थली तिल्हू चहत्तर बिसावर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आती है। ऐसे में उनकी वीरगाथा का राष्ट्रीय स्तर पर पाठ्यक्रम में शामिल होना बिसावर और आसपास के क्षेत्र के लिए विशेष गौरव का विषय है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह उर्फ सुआ पहलवान, केशव चौधरी, ईशान चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरेंद्र चौधरी, बहादुर सिंह, प्रधान जगवेंद्र सिंह, महाराज सिंह, रामवतार दीपू चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह, तपन चौधरी, होरी लाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page