
हाथरस 06 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत हाथरस में पैदल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने किया। पैदल मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पैदल मार्च समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से शुरू होकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। यहां सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर महापुरुषों को नमन किया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा को लेकर नारे लगाए। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
तहसील पर सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के उपरांत समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति के समक्ष मतदाता अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न मांगें रखी गईं। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बिना किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की मांग की गई। इसके अलावा प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों का हवाला देते हुए ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी रखी गई।
‘मतदाता का अधिकार सर्वोपरि’
सपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में चौधरी भाजुद्दीन, एसपी सेंगर, धीरज पाण्डेय, प्रेम चौधरी, वीरेन्द्र कुशवाहा, रामनारायण काके, ललित बघेल, बनी सिंह बघेल, मुहर सिंह, रजनीश कुशवाहा, मालिक यादव, सतेन्द्र यादव, योगेन्द्र भारती, हाजी नवाब हसन, नरेश दिवाकर, राणाप्रताप सिसोदिया, अनुज उपाध्याय, जगदीश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।









