मथुरा 05 अक्टूबर। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरएटीएम), मथुरा में बीसीए पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। बीसीए विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ इंफ्रास्ट्रक्चर विंडोज सर्वर इंजीनियर एवं आरएटीएम के पूर्व छात्र सुंदरम गौड़ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं से परिचित कराया। सुंदरम गौड़ ने अपने छात्र जीवन से लेकर आईबीएम में कार्य करने और वर्तमान में एनसीआर वॉयिक्स में सेवाएं देने तक के अपने व्यावसायिक सफर को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास, मेहनत और व्यावहारिक ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा अपने कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। अतिथि वक्ता ने वर्चुअलाइजेशन, वीएमवेयर सहित आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता और उनके करियर में महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी दक्षता के साथ संचार कौशल, आत्मविश्वास और व्यावहारिक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक गतिविधियां, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा में मिलने वाले सैद्धांतिक ज्ञान के साथ उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष मार्गदर्शन मिलना भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को समझने और अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि आरएटीएम विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, प्रभावी संचार कौशल और व्यावहारिक सोच भी आवश्यक है। अनुभवी विशेषज्ञों के अनुभव विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप स्वयं को तैयार करें और नई-नई तकनीकों को सीखते हुए अपने करियर को मजबूत आधार प्रदान करें।










