
हाथरस 03 अक्टूबर। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद के तत्वावधान में माध्यमिक विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड द्वारा उपभोक्ता जागरूकता रैली निकाली गई। उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति जनपद हाथरस एवं सीसीआई दिल्ली के बैनर तले आयोजित रैली के माध्यम से लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। रैली का आयोजन सीसीआई के नेशनल चेयरमैन एवं ‘कंज्यूमर मैन ऑफ द इंडिया’ के नाम से जाने वाले डॉ. अनंत शर्मा तथा नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट भूप सिंह पाल के दिशा-निर्देशन में किया गया। जिला संगठन आयुक्त स्काउट एवं सीसीआई सदस्य धीरेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में निकाली गई जागरूकता रैली जनपद के प्रतिष्ठित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल से प्रारंभ हुई। स्काउट एवं गाइड हाथों में उपभोक्ता जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर स्थित मंडी के मुख्य गेट तक पहुंचे, जहां रैली का समापन किया गया।
रैली के दौरान स्काउट एवं गाइड को पॉक्सो अधिनियम-2012, आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं को सामान खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, मूल्य, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक जानकारी की जांच करनी चाहिए। साथ ही किसी प्रकार की समस्या होने पर शिकायत निवारण व्यवस्था का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। रैली में शामिल स्काउट एवं गाइड ने विभिन्न नारों और स्लोगनों के माध्यम से आम लोगों को उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी। जागरूकता संदेशों के जरिए उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विद्या प्रतीक वर्तके, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कमल शर्मा, जिला आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश गौतम, स्काउट मास्टर जसराम सिंह, विमल कुमार, विजय कुमार, विष्णु कुमार तथा गाइड कैप्टन श्रीमती रानी वार्ष्णेय, दीप्ति वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं स्काउट-गाइड मौजूद रहे।




