Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 03 अक्टूबर। आगरा में करीब 35 दिन पूर्व महिला टेंपो यात्री से हुई लगभग 40 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों की लूट के मामले में शुक्रवार देर शाम एसओजी टीम ने सिकंदराराऊ के एक सर्राफा व्यापारी को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि लूट की घटना में पकड़े गए एक आरोपी की निशानदेही पर टीम ने स्थानीय सर्राफ की दुकान पर कार्रवाई की थी। पूछताछ के बाद एसओजी टीम व्यापारी को कोतवाली से अपने साथ ले गई, हालांकि देर रात उसे छोड़ दिया गया। व्यापारी को हिरासत में लिए जाने और बाद में छोड़े जाने को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। बताया गया है कि करीब 35 दिन पूर्व एक महिला शादी समारोह में शामिल होने के लिए टेंपो से जा रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने उसके पास से करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। बैग में सोने की कंधोनी, चूड़ी, अंगूठी, कॉलर सहित अन्य आभूषण बताए गए थे। घटना के बाद आगरा पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी टीम को लगाया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पकड़े गए एक युवक ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर सिकंदराराऊ के एक सर्राफा व्यापारी के यहां लूटे गए सोने में से कुछ आभूषण बेचे जाने की जानकारी दी थी। इसी जानकारी के आधार पर शुक्रवार शाम एसओजी टीम ने स्थानीय सर्राफा कारोबारी की दुकान पर छापा मारकर उसे हिरासत में लिया। इसके बाद कोतवाली में पूछताछ की गई और टीम व्यापारी को अपने साथ ले गई। हालांकि देर रात उसे छोड़ दिया गया। वहीं स्थानीय पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया जा रहा है कि पुलिस की जांच अब कथित तौर पर लूट एवं चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े सर्राफा कारोबारी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ छोटे दुकानदारों के माध्यम से बड़े स्तर पर लूट और चोरी का माल खरीदे जाने की आशंका की जांच की जा रही है। इसके लिए सर्विलांस सहित अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सर्राफ को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने के बाद पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के साथ कथित खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का खुलासा कब तक होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page